अमरीका: लास वेगास में गोलीबारी, 58 की मौत

images 7

अमरीका में लास वेगास के एक कंसर्ट में हुई गोलीबारी में कम से कम 58 लोग मारे गए हैं और 500 से ज़्यादा लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है.

स्थानीय पुलिस का कहना है कि 64 साल के स्टीफ़न पैडक नाम के एक बंदूकधारी ने मंडलई बे होटल के 32वें फ्लोर से एक ओपन-एयर म्यूज़िक उत्सव में अंधाधुंध गोलीबारी की थी. इस कंसर्ट में क़रीब 22 हज़ार लोग पहुचे थे.
पुलिस के मुताबिक संदिग्ध हमलावर स्थानीय नागरिक था. इस हमले को अमरीकी इतिहास का सबसे भयावह गोलीबारी कहा जा रहा है. पुलिस का कहना है कि होटल में घिरने के बाद संदिग्ध हमलावर ने ख़ुद को गोली मार ली.
पुलिस का कहना है कि हमला किसी एक व्यक्ति द्वारा ही किया गया है. दूसरी तरफ़ पुलिस ने इस बात की भी पुष्टि की है कि वो मारिलोउ डैनली नाम की एशियाई महिला की तलाश कर रहे हैं. इस महिला के बारे में कहा जा रहा है कि वो संदिग्ध के साथ दिखी थी.
पुलिस का यह भी कहना है कि कितने लोग मारे गए हैं इस बारे में अभी कुछ भी ठीक ठीक नहीं कहा जा सकता है.
स्थानीय हॉस्पिटल के प्रवक्ता का कहना है कि 14 घायलों की स्थिति नाज़ुक बनी हुई है. चश्मदीदों का कहना है कि सैकड़ों गोलियां दागी गई हैं.
गोलियों की आवाज़ सुन सैकड़ों लोग वहां से जान बचाकर भागे. लोगों ने गोलीबारी से जुड़े वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है. लास वेगास में इस घटना के बाद बाक़ी होटलों को बंद कर दिया गया है.
पूरा इलाक़ा अब भी पुलिस के घेरे में है. वहां मौजूद गाड़ियों की छानबीन की जा रही है. वहां बड़ी संख्या में हथियारबंद पुलिसकर्मी दिख रहे हैं. घटना के बाद लास वेगास एयरपोर्ट पर कई उड़ानों के रूट बदल दिए गए हैं.

Exit mobile version