भोपाल। मध्य प्रदेश में भोपाल लोकसभा क्षेत्र में जीत के लिए अब भारतीय जनता पार्टी पूरी ताकत झोंकेगी। मालवा-निमाड़ में भी पार्टी का प्रचार-प्रसार और तेज किया जाएगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सहित कई दिग्गज भोपाल आ रहे हैं, जो भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के लिए रैली और रोड शो करेंगे। मालवा-निमाड़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंदौर, खरगोन, खंडवा और झाबुआ में आमसभा लेंगे। पार्टी की रणनीति है कि मालवांचल में किसानों की कर्जमाफी को ज्यादा से ज्यादा प्रचारित किया जाए। इसकी वजह ये है कि कर्जमाफी न होने से किसानों में नाराजगी है। सोमवार को मतदान के साथ ही भाजपा ने भोपाल पर अपना फोकस कर दिया है।
हिंदूवादी छवि के नेता यहां सक्रिय हो गए हैं। पूर्व मंत्री और बजरंग दल के पूर्व संयोजक जयभानसिंह पवैया ने भी भोपाल में साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के पक्ष में प्रचार किया। वहीं, पार्टी बड़े स्तर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का रोड शो प्लान कर रही है। पार्टी नेताओं के मुताबिक, आठ मई की शाम सात बजे भोपाल के नरेला विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न् इलाकों में शाह का रोड शो होगा। संभावना ये भी है कि शाह के साथ फिल्म एक्टर सनी देयोल भी साथ रहें। सात मई को उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी भोपाल आ रहे थे, लेकिन कारणवश उनका कार्यक्रम अब तक फाइनल नहीं हुआ है।
इसके बाद नौ मई को केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण के आने की संभावना भी है। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने भी भोपाल में मोर्चा संभाल लिया है, वे रोजाना भोपाल में सभा और पदयात्रा कर रहे हैं। रविवार को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भोपाल में थे। सोमवार को वे बेंगलुरु के युवा प्रत्याशी तेजस्वी सूर्या के साथ युवाओं से संवाद कर रहे थे। वहीं, मंगलवार को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे डाक्टरों से बातचीत करेंगे।
संघ भी सक्रिय
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने भी भोपाल में पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा के समानांतर संघ के स्वयंसेवकों ने मोर्चा संभाला हुआ है। जिन क्षेत्रों में मतदान हो चुका है, उन क्षेत्रों के प्रचारकों ने भी भोपाल में डेरा डाल लिया है। सूत्रों का कहना है कि संघ के सरकार्यवाह भय्या जी जोशी भोपाल में चुनावी सरगर्मी का रोजाना फीडबैक ले रहे हैं। संघ के निर्देश पर कई दिनों से भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे भी भोपाल में जमे हुए हैं।
इंदौर की सभा का पूरे क्षेत्र में असर
मालवा और निमाड़ के आठ लोकसभा क्षेत्रों को साधने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंदौर में सभा करेंगे। उनकी सभा दशहरा मैदान पर शाम को होगी। इसी दिन वे खंडवा में भी सभा लेंगे। 17 मई को मोदी खरगोन और झाबुआ सीट के लिए दौरे पर आएंगे।
मालवांचल में पांच नए चेहरे
मालवांचल की आठ में से सात सीट भाजपा के पास हैं। भाजपा की कोशिश है कि पार्टी यहां आठों सीटों पर कब्जा कर सके। विधानसभा चुनाव में भाजपा को यहां से भारी पराजय झेलना पड़ी थी। इसी कारण पार्टी ने उज्जैन, देवास, धार, खरगोन और इंदौर सहित पांच सीटों पर टिकट बदले हैं। भाजपा ने उज्जैन (अनुसूचित जाति) से सांसद चिंतामणि मालवीय का टिकट काटकर पूर्व विधायक अनिल फिरोजिया, धार (अनुसूचित जनजाति) से सांसद सावित्री ठाकुर की जगह पूर्व सांसद छतर सिंह दरबार, इंदौर से आठ बार की सांसद सुमित्रा महाजन की जगह शंकर लालवानी और खरगोन (अनुसूचित जनजाति) से सांसद सुभाष पटेल की जगह गजेंद्र सिंह पटेल को टिकट दिया है। देवास (अनुसूचित जाति) सीट से भाजपा ने एकदम नए चेहरे के रूप में सामने आए महेंद्र सिंह सोलंकी पर दांव लगाया है। सोलंकी न्यायाधीश के पद से इस्तीफा देकर चुनावी राजनीति में उतरे हैं।
कर्जमाफी पर जोर
मालवा की आठों सीटों पर आखिरी चरण में 19 मई को मतदान होना है। यहां भाजपा प्रत्याशी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियों के नाम पर वोट मांग रहे हैं। वे इस किसान बहुल इलाके में आयोजित सभाओं में कमलनाथ सरकार पर आरोप भी लगा रहे हैं कि कांग्रेस किसानों का कर्ज माफ करने वादा निभाने में नाकाम रही है। बचे हुए दिनों में पार्टी इस मुद्दे को और भी जोर-शोर से प्रचारित करने का कष्ट करेगी।

