Site icon Yashbharat.com

अब बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्र तैयार करने माशिमं देगा शिक्षकों को विशेष ट्रेनिंग

inner banner college

जबलपुर। माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) 2018-19 की बोर्ड परीक्षा के लिए विशेष तरीके से प्रश्नपत्र तैयार कराएगा। इस बार विद्यार्थियों की सुविधा व प्रश्नों की गुणवत्ता के अनुरूप प्रश्नपत्र बनाए जाएंगे।

इसके लिए 2500 शिक्षकों को ट्रेनिंग दी जाएगी। इसमें से 250 को चुना जाएगा। इसमें से एक विषय के लिए 6 शिक्षक होंगे। इनकी भी ग्रेडिंग होगी। ग्रेडिंग तय कर शिक्षकों को गोपनीय सूचना दे दी जाएगी। ट्रेनिंग के लिए सभी जिलों के इच्छुक शिक्षकों से आवेदन मंगाए गए हैं। शिक्षकों को संभाग स्तर पर तीन दिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद इन शिक्षकों की परीक्षा ली जाएगी।

इनमें से चुने हुए सर्वश्रेष्ठ शिक्षकों को बोर्ड की मुख्य परीक्षा में प्रश्नपत्र बनाने का अवसर दिया जाएगा। एमपी बोर्ड के 10वीं और 12वीं का पेपर बनाने के लिए प्रदेश के सरकारी स्कूलों से शिक्षक और लेक्चरर बुलाए जाते हैं, लेकिन प्रश्न पत्र बनाने वाले शिक्षक अपने बनाए हुए पेपर ही हल नहीं कर पाते हैं।

इस विसंगति को दूर करने के लिए अब ट्रेनिंग देने का नया रास्ता निकाला गया है। जब शिक्षक प्रश्नपत्र तैयार करने की ट्रेनिंग लेकर जाएंगे, तब वे कक्षा की मुख्य परीक्षाओं के लिए प्रश्नपत्र बोर्ड परीक्षा के अनुरूप ही तैयार करेंगे, जिससे बच्चे बोर्ड परीक्षा के लिए शुरू से तैयार हो पाएंगे।

– ट्रेनिंग दी जाएगी
बोर्ड परीक्षाओं में आने वाले सवाल और प्रश्नपत्र की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए माशिमं ने शिक्षकों को प्रशिक्षण देने का काम शुरू किया है। इसके लिए शिक्षकों को संभाग स्तर पर तीन दिन की ट्रेनिंग दी जाएगी। अच्छा प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को बोर्ड की मुख्य परीक्षा में प्रश्नपत्र बनाने का अवसर दिया जाएगा।

Exit mobile version