अब एक ही परिसर में बनेंगे मिडिल-हाईस्कूल भवन

भोपाल। सरकारी मिडिल और हाईस्कूल भवन अब एक ही परिसर में बनाए जाएंगे। शिक्षकों की कमी, विद्यार्थियों कीसुरक्षा और पढ़ाई के माहौल देखते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री विजय शाह ने यह निर्देश दिए हैं। पिछले दिनों राजधानी में आयोजित विभाग की समीक्षा बैठक में मंत्री ने कहा है कि मिडिल और हाईस्कूल के परिसर अलग नहीं किए जाएं। जरूरत पड़े तो दो मंजिला भवन बनाएं।

प्रदेश में राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत हाईस्कूल और हायर सेकंडरी स्कूल भवन बनाए जा रहे हैं।

इसके लिए अलग से भूमि मांगी जा रही है। विभाग को कई जगह भूमि नहीं मिल रही है, तो कई जगह नए भवन के लिए दी जा रही जमीन पुराने भवन से काफी दूर है। ऐसे में दूसरा भवन बनते ही हाईस्कूल एवं हायर सेकंडरी कक्षाओं के साथ उच्च श्रेणी शिक्षक वहां शिफ्ट हो जाएंगे और पुराने स्कूल में देखरेख सहित अन्य समस्याएं खड़ी हो जाएंगी।

यह मामला समीक्षा बैठक में आया तो मंत्री शाह ने कहा कि जब तक मजबूरी न हो, दूसरा परिसर नहीं बनाया जाए। जरूरत पड़े तो पुराने भवन के ऊपर हाईस्कूल भवन तैयार कर दें। हालांकि अफसर कहते हैं कि पुराने भवनों का आधार कमजोर है। वे दूसरी मंजिल का वजन नहीं झेल पाएंगे। यह तकनीकी रूप से सही नहीं है।

Exit mobile version